
अशोकनगर। विश्व साइकिल दिवस और ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान के अवसर पर जिले में स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं फिट जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशाल साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में कलेक्टर श्री साकेत मालवीय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के सदस्यों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस रैली में कुल 150 से अधिक लोगों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
तुलसी सरोवर से कलेक्ट्रेट तक बनी ‘साइकिल चेन’
साइकिल रैली का शुभारंभ रविवार को प्रातः 6:30 बजे विमानों के चबूतरा (तुलसी सरोवर तालाब) से हरी झंडी दिखाकर किया गया। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों जैसे गांधी पार्क, तुलसी पार्क, स्टेशन रोड और अस्पताल चौराहा होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां रैली का विधिवत समापन हुआ। सुबह-सुबह अधिकारियों और नागरिकों को एक साथ साइकिल चलाते देख शहरवासी भी काफी उत्साहित नजर आए।
कलेक्टर की पहल: साइकिल रैली से जुड़ेंगे जिले के पर्यटन और पुरातात्विक स्थल
कलेक्ट्रेट परिसर में रैली के समापन अवसर पर कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “साइकिल एक सरल, सुलभ और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन का साधन है। नियमित रूप से साइकिल चलाने से स्वास्थ्य बेहतर रहता है, प्रदूषण कम होता है और ईंधन की भी बचत होती है।” कलेक्टर ने अधिकारियों और नागरिकों से दैनिक जीवन में अधिक से अधिक साइकिल अपनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि आगामी समय में जिले के पर्यटन और पुरातात्विक स्थलों को भी साइकिल रैली के माध्यम से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि खेल और स्वास्थ्य के साथ-साथ जिले के पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सके।
स्वस्थ और स्वच्छ समाज निर्माण का लिया संकल्प
रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से साइकिल चलाने और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का सामूहिक संकल्प लिया। इस सफल आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्वस्थ, स्वच्छ और पर्यावरण हितैषी समाज के निर्माण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।






